September 17, 2026

E9 News

Search for the Truth

बारिश के बावजूद गर्मी से कोई राहत नहीं हरियाणा में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर

E9 News नई दिल्ली/चंडीगढ़: देश के ज्यादातर हिस्सों में आज लू की तपिश महसूस की गई। दूसरी तरफ जम्मू कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमपात और अन्य उत्तरी राज्यों के कुछ क्षेत्रों में बारिश होने के बावजूद गर्मी बनी हुई है। देश में सबसे ज्यादा तापमान (43.2 डिग्री सेल्सियस) मध्य प्रदेश के खजुराहो में दर्ज किया गया। उसके बाद वर्धा (महाराष्ट्र) में 43 और डाल्टनगंज (झारखंड) में 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शाम में हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने समूचे उत्तर पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बुधवार को दिल्ली और एनसीआर में बारिश, धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने शाम के बुलेटिन में कहा कि लू की स्थिति देश के ज्यादातर स्थानों पर देखी गई जबकि गंभीर लू की स्थिति पश्चिमी राजस्थान के कुछ स्थानों, पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर देखी गई।