September 17, 2026

E9 News

Search for the Truth

धूमल-सत्ती ने उड़ान योजना और हाइड्रो कालेज के लिए जताया पीएम का आभार

E9 News, शिमला (कीर्ति कौशल) :  नेता प्रतिपक्ष प्रो. प्रेम कुमार धूमल और प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने सस्ती हवाई सेवाओं की शुरुआत और हाइड्रो इंजीनियरिंग कालेज के शिलान्यास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा आयोजित सत्ता परिवर्तन रैली में प्रधानमंत्री को सुनने के लिए जिस तरह से प्रदेश भर से आकर जनता ने उत्साह दिखाया है, उससे अब इसमें कोई संदेह नहीं रह गया है कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस को सत्ता से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है। शिमला में हुई इस रैली में रिकार्डतोड़ भीड़ ने साबित कर दिया है कि यह कांग्रेस के अंत की शुरुआत है। उन्होंने प्रधानमंत्री का हिमाचल आगमन और देश भर में छोटे शहरों से सस्ती हवाई उड़ानों की शुरुआत शिमला से करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया और कहा यह प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि इस महत्त्वपूर्ण योजना के लिए उन्होंने हिमाचल को चुना। यह उनके हिमाचल प्रदेश के लिए अपार स्नेह के चलते ही संभव हो पाया है। उन्होंने सत्ता परिवर्तन के लिए उमड़ी भारी भीड़ पर प्रदेश की जनता और कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री को सुनने के लिए उमड़ी इस भीड़ ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस के भ्रष्टाचारी शासन को अब जनता सहने के लिए कतई मूड में नहीं है और कहा कि जनता हिमाचल प्रदेश को भी कांग्रेस मुक्त करने का मन बना चुकी है और सिर्फ अवसर की तलाश है।
रैली के दूरगामी परिणाम निकलेंगे : भाजपा के प्रमुख प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने रैली में आने के लिए समस्त नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया है। डा. बिंदल ने रैली के लिए बनाए गए विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करने के बाद कहा कि प्रत्येक विभाग ने अपने-अपने कार्य को बखूबी अंजाम दिया है। परिवर्तन रैली ने जो अपनी छाप छोड़ी है, उसके दूरगामी परिणाम होंगे। बारिश एवं ठंड के बावजूद जनता का उत्साह कम नहीं हुआ, अपितु बढ़ता ही चला गया।