September 17, 2026

E9 News

Search for the Truth

मोदी के ‘गोद लेने’ की बात पर चुटकी लेते लालू ने कहा, ‘इतना मत हंसाओ’

मोदी के ‘गोद लेने’ की बात पर चुटकी लेते लालू ने कहा, ‘इतना मत हंसाओ’
E9 News, पटनाः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अक्सर तीखे तंज कसने वाले लालू प्रसाद यादव ने इस बार पीएम के बयान पर चुटकी ली। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष ने गुरुवार को पीएम मोदी के खुद को ‘गोद लिया’ कहने पर तंज कस दिया। पीएम की इस बात पर लालू ने मजाकिया अंदाज में उनसे ‘अब न हंसाने’ का निवेदन किया।
किसी का नाम लिए बिना लालू ने ट्वीट कर लिखा कि पंजाब में खून का बेटा और उत्तर प्रदेश में दत्तक पुत्र! गजब है रे भाई..इतना मत हंसाओ! गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण यूपी की धरती में पैदा हुए और गुजरात में कर्मभूमि बनाई। मैंने गुजरात में जन्म लिया और मुझे यूपी ने गोद लिया है। ये मेरी कर्मभूमि है, मेरा माई-बाप है और मैं ऐसा बेटा नहीं, जो यूपी छोड़ दूं। गोद लिया बेटा भी माई-बाप की चिंता करेगा और यहां की स्थिति बदलने का कर्तव्य निभाएगा। मोदी ने इससे पहले पंजाब की एक रैली में खुद को पंजाब के खून का बेटा बताया था। उनकी इसी पिछली बात और हाल के बयान को जोड़कर लालू ने चुटकी ले डाली। लालू इन दिनों ट्विटर पर काफी सक्रिय हैं। वो प्रधानमंत्री और भाजपा पर लगातार निशाना साधते रहते हैं।